Yogdarshanam (Swami Satypati Parivrajak) Yogdarshanam / 2/14

2/14
Sutra
ते ह्लादपरितापफलाः पुण्यापुण्यहेतुत्वात् ।। २.१४ ।।

Yogdarshanam (Swami Satypati Parivrajak)

हिन्दी
Yogdarshanam (Swami Satypati Parivrajak) - हिन्दी
Word Meaning

ते ह्लादपरितापफलाः पुण्यापुण्यहेतुत्वात्॥१४॥

शब्दार्थ - (ते) वे जाति, आयु और भोग (ह्लाद-परिताप-फलाः) सुख और दुःख रूप फल वाले होते हैं (पुण्य-अपुण्य-हेतुत्वात्) पुण्य और पाप के कारण उत्पन्न होने से। 

सूत्रार्थ - वे जाति, आयु और भोग पुण्य और पाप कारणजन्य होने से सुख और दुःख रूप फल वाले होते हैं अर्थात् जिन जाति, आयु, भोग का कारण पुण्य होता है, वे सुख देने वाले होते हैं तथा जिन जाति, आयु, भोगों का कारण पाप होता है, वे दुःख देने वाले होते हैं।

Vyas Bhashya

ते जन्मायुर्भोगाः पुण्यहेतुकाः सुखफला, अपुण्यहेतुका दुःखफला इति। यथा चेदं दुःखं प्रतिकूलात्मकमेवं विषयसुखकालेऽपि दुःखमस्त्येव प्रतिकूलात्मकं योगिनः॥१४॥

व्या० भा० अ० - पुण्य के कारण से होने वाले वे जन्म, आयु, भोग सुखरूपी फल को, अपुण्य (पाप) के निमित्त से होने वाले दुःखरूपी फल को देते हैं। यह दुःख जिस प्रकार प्रतिकूलात्मक है उसी प्रकार योगी को विषय सुखकाल में भी प्रतिकूलात्मक दुःख ही है॥१४॥

Yog Prakash

इस सूत्र में पुण्य से उत्पन्न जाति, आयु और भोग सुख देने वाले और अपुण्य से उत्पन्न दुःख देने वाले बताये हैं। जो ईश्वर के गुण, कर्म, स्वभाव तथा वेदानुकूल और ऋषिकृत ग्रन्थों के अनुसार सुखप्रद एवं दुःखनिवारक हैं, वे पुण्यकर्म और इसके विरुद्ध कर्म अपुण्यकर्म हैं। पुण्य कर्मों से प्राप्त जाति, आयु, भोग सुख देने वाले होते हैं और अपुण्य से प्राप्त दुःख देने वाले होते हैं। पुण्य कर्म करने वाले जीवों को विद्वान्, धार्मिक सम्पन्न माता - पिता के घर में मनुष्य जन्म मिलता है। वहाँ पर जाति, आयु, भोग सुखप्रद होते हैं। अपुण्य कर्म करनेवाले जीवों को पशु आदि जन्म मिलता है। वहाँ पर जाति, आयु, भोग दुःखप्रद होते हैं।

मनुष्य शरीर में स्वतन्त्रता है, उन्नति करने के साधन हैं। अन्य जीवों से सहायता लेने की सुविधा है। ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना, उपासना करके मोक्ष प्राप्त करने का प्रयत्न संभव है। ये स्वतन्त्रता, साधन, सुविधा, प्रयत्न पशु आदि के शरीरों में प्राप्त नहीं हैं। इससे यह बात भी सिद्ध हो गई कि मनुष्य और पशु आदि योनियों में समान सुख - दुःख नहीं हैं। परन्तु पुण्य से प्राप्त जाति, आयु, भोग से मिलने वाला सुख भी योगी के लिये दुःखप्रद ही होता है। सांसारिक सुख क्षणिक और दुःखमिश्रित है। अतः योगी के लिये भोग काल में वह सुख भी प्रतिकूल ही है। इसलिये सांसारिक सुख को भी योगी त्याज्य मानते हैं। इस विषय में सांख्यकार महर्षि कपिल जी ने कहा है कि -

"कुत्रापि कोऽपि सुखी न, तदपि दुःखशबलमिति दुःखपक्षे निक्षिपन्ते विवेचकाः"॥सांख्य० ६/७ -८॥

भावार्थ - संसार में कहीं भी कोई भी व्यक्ति पूर्ण सुखी नही हैं। संसार में जो भी सुख उपलब्ध होता है वह दुःखमिश्रित है इसलिये विवेकी लोग उस सुख को भी दुःख की कोटि में सम्मिलित करते हैं। इससे यह सिद्ध हुआ कि दुःखरहित नित्यसुख के लिये शुद्ध ज्ञान, शुद्ध निष्काम कर्म और शुद्ध उपासना के द्वारा ईश्वर प्राप्ति करनी चाहिये॥१४॥

All Bhashya Sutras