Yogdarshanam Paad 2 / Sutra 47
अव० - तस्यैव स्थिरसुखत्वप्राप्त्यर्थमुपा
अर्थ - उसी स्थिरता और सुख की प्राप्ति के लिये उपाय कहते हैं।
प्रयत्नशैथिल्यानन्तसमापत्तिभ्याम्॥४७॥
शब्दार्थ - (प्रयत्न-शैथिल्य-अनन्त-समापत्तिभ्याम्) समस्त शारीरिक चेष्टाओं को रोक देने से और अनन्त परमात्मा में ध्यान लगाने से (आसन की सिद्धि होती है)।
सूत्रार्थ - शारीरिक समस्त चेष्टाओं को रोक देने से और अनन्त परमात्मा में ध्यान लगाने से आसन की सिद्धि होती है।
भवतीति वाक्यशेषः। प्रयत्नोपरमात्सिध्यत्यासनं येन नाङ्गमेजयो भवति। अनन्ते वा समापन्नं चित्तमासनं निर्वर्तयतीति॥४७॥
व्या० भा० अ० - (प्रयत्न की शिथिलता एवं अनन्त में समापत्ति से आसन की सिद्धि) होती है यह (सूत्र का) वाक्य शेष है। प्रयत्न के उपराम से आसन सिद्ध होता है जिससे अङ्गों में कम्पन नहीं होता। और अनन्त (परमेश्वर) में समापत्ति ( एकाग्रता) को प्राप्त चित्त आसन को सम्पादित करता है॥४७॥
इस सूत्र में आसन सिद्धि के उपाय बतलाये हैं। सामान्य रूप से व्यक्ति शरीर से कोई न कोई क्रिया करता रहता है। आसन की सिद्धि में वह क्रिया बाधा डालती है। इसलिये आसन को सिद्ध करने के लिये शरीर की समस्त चेष्टाओं को रोक देना चाहिये। 'प्रयत्नशैथिल्य' का यह अर्थ नहीं है कि शारीरिक परिश्रम न्यून करना चाहिये। क्योंकि शारीरिक परिश्रम से आसन का कोई सीधा सम्बन्ध नहीं है। इसलिये जब साधक आसन लगाकर ईश्वर का ध्यान करता है तब शारीरिक सभी क्रियाओं को बन्द कर देना चाहिये। इससे आसन की सिद्धि होती है।
आसन की सिद्धि का दूसरा उपाय 'अनन्त समापत्ति' है। अनन्त का अर्थ है - जिसकी कोई सीमा न हो। ईश्वर की कोई सीमा नहीं है। जब साधक ईश्वर को अनन्त मानकर उसका ध्यान करता है, तब आसन की सिद्धि होती है। योगाभ्यासी जिस वस्तु का ध्यान करता है उस वस्तु का उस पर प्रभाव पड़ता है। ईश्वर कभी भी हिलता - डुलता नहीं है। ईश्वर का ध्यान करने से व्यक्ति के शरीर का भी हिलना-डुलना बन्द हो जाता है। इससे आसन की सिद्धि होती है। जब साधक अधिक प्रेम से ईश्वर का ध्यान करता है तब भी आसन की सिद्धि में सहायता मिलती है। दीर्घकाल तक आसन में बैठकर ध्यान करने से आनन्द की प्राप्ति होती है। ऐसा जानने से भी व्यक्ति आसन की कठिनाईयों को सहन करके अधिक समय तक आसन पर बैठ जाता है। इससे आसन में बैठने का अभ्यास बढ़ जाता है। इस प्रकार से इन सभी उपायों से ‘आसन की सिद्धि' करनी चाहिये। इससे प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान, समाधि में सुविधा होती है॥४७॥