इस सूत्र में प्रकृति और प्रकृति से उत्पन्न महत्तत्त्वादि कार्य जगत् के साथ जीवात्मा के अज्ञानपूर्वक संयोग को दुःख का कारण बताया है। बुद्धि में जो सांसारिक पदार्थों के चित्र उतरते हैं, उनका अनुभव करने वाला जीवात्मा है। जिन पदार्थों का बुद्धि में चित्र उतरता है उनको 'दृश्य' कहते हैं। प्रकृति को भी दृश्य कहते हैं क्योंकि इसी से बुद्धि, अहंकार आदि समस्त दृश्य जगत् उत्पन्न होता है और इस दृश्य से अज्ञान के कारण जीवात्मा का संयोग होता है। उसी संयोग से दुःख की उत्पत्ति होती है।
यह दृश्य अयस्कान्तमणि के तुल्य है। अयस्कान्तमणि (चुंबक) समीपता के कारण लोहे को अपनी ओर खींच लेती है। वैसे ही यह दृश्य जीवात्मा का समीपता के कारण उपकार करता है। अर्थात् भोग और अपवर्ग को सिद्ध करता है। इसी कारण से जीवात्मा का यह स्व बन जाता है। यदि जीवात्मा दृश्य के साथ स्वस्वामिसम्बन्ध बना लेता है तो दृश्य इसके बन्धन का कारण बन जाता है। बुद्धि जीवात्मा के अनुभव का विषय बनती है अर्थात् जीवात्मा अनुभव करने वाला कर्त्ता और बुद्धि अनुभव क्रिया का कर्म बनती है। चेतन पुरुष के सानिध्य से बुद्धि चेतनसदृश स्वरूप को प्राप्त कर लेती है। वास्तव में बुद्धि जड़ पदार्थ है। बुद्धि का उपादान कारण प्रकृति है और वह एक स्वतन्त्र पदार्थ है। परन्तु जीवात्मा के भोग और अपवर्ग को सिद्ध करने वाली होने से परतन्त्र है। जीवात्मा दृक्शक्ति और बुद्धि दर्शनशक्ति इन दोनों का प्रयोजनकृत एवं प्रवाह से अनादि संयोग बन्धन का कारण है।
यहाँ पर यह बात ध्यान देने योग्य है कि अज्ञान के कारण आत्मा और दृश्य का संयोग होता है यह संयोग ही बन्धन का कारण है। ज्ञानपूर्वक संयोग बन्धन का कारण नहीं है। यदि सम्बन्धमात्र से बन्धन का कारण माना जाये तो ईश्वर का भी बन्धन होना चाहिये क्योंकि दृश्य का सम्बन्ध ईश्वर से भी है। संयोग के हेतु को दूर कर देने से दुःख की निवृत्ति हो जाती है क्योंकि "कारणाभावात् कार्याभावः"।। वै० द० १-२-१॥कारण के अभाव होने से कार्य का अभाव हो जाता है। जो व्यक्ति यह जानता है कि कांटे के द्वारा पैर के तल भाग में आघात होने से दुःख होता है तो वह उस काँटे पर पैर नहीं रखता। यदि रखता है तो पादत्राण (जूते) धारण करके रखता है। इससे उसको काँटे से उत्पन्न होने वाला दुःख सन्तप्त नहीं करता। जो भेद्यता, भेदकत्व और उसके परिहार के साधन को जानता है, वह दुःख को प्राप्त नहीं होता। यहाँ पर सत्त्वगुण भेद्य है। रजोगुण भेदक है और तत्त्वज्ञान परिहार का साधन है। यहाँ रजोगुण तपाने वाला है अर्थात् दुःख देने वाला है। सत्त्वगुण तपने वाला अर्थात् तपनक्रिया वाला है। क्योंकि तपनक्रिया कर्मस्थ है। अपरिणामी जीवात्मा में नहीं होती।
सत्त्वगुण के तपने पर बुद्धि के माध्यम से विषयों का अनुभव करने वाला जीवात्मा अज्ञानता के कारण उस तपनक्रिया को अपने अन्दर मान लेता है। वास्तव में दुःखगुण रजस् द्रव्य का है। सत्त्वगुण, रजोगुण और तमोगुण इन तीन सूक्ष्म द्रव्यों से समस्त संसार की उत्पत्ति होती है। संसार में जो सुख है वह सत्त्वगुण का धर्म है। दुःख रजोगुण का और मोह तमोगुण का। अज्ञानता के कारण जीवात्मा सुख, दुःख और मोह को अपना गुण मान लेता है। जब ज्ञानपूर्वक दृश्य का प्रयोग करता है तो जीवात्मा समस्त बन्धनों से छूटकर मोक्ष को प्राप्त कर लेता है।
योगदर्शनकार ने यह कहा है कि यह दृश्य भोग और अपवर्ग की प्राप्ति के लिये है। जो लोग अज्ञानयुक्त हैं, वे भोगों में ही सन्तोष कर लेते हैं और जो तत्त्ववेत्ता हैं वे भोगों में दुःख देखकर उनका परित्याग कर देते हैं और मोक्ष को प्राप्त करते हैं। इसलिये प्रत्येक योगाभ्यासी को यह जानना चाहिये कि अज्ञानपूर्वक प्रयोग करने से संसार के पदार्थ बन्धन का कारण बनते हैं और ज्ञानपूर्वक प्रयोग करने से मोक्ष का कारण बनते हैं। वेद में भी यह बात कही है कि जो व्यक्ति कारण और कार्य को ठीक प्रकार से जानता है, वह अमृतत्त्व को प्राप्त होता है –
सम्भूतिं च विनाशं च यस्तद्वेदोभय्ँ सह।
विनाशेन मृत्युं तीर्त्वा सम्भूत्यामृतमश्नुते॥यजु० ४० ११॥
भावार्थ - हे मनुष्यो ! कार्य्यकारणरूप वस्तु निरर्थक नहीं है किन्तु कार्य कारण के गुण कर्म और स्वभावों को जानकर धर्मादि मोक्ष के साधनों में संयुक्त करके अपने शरीरादि कार्य कारण को नित्यत्व से जान के मरण का भय छोड़कर मोक्ष की सिद्धि करो॥१७॥